Published:
25 May 2026, 07:22 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
देहरादून। परेड मैदान में चल रही जूडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आया 12 वर्षीय खिलाड़ी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। इस मामले में जूडो कोच ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने लापता खिलाड़ी की तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में शिकायतकर्ता संजीव कुमार ने बताया कि वह जूडो कोच हैं और 23 मई को पंतजलि गुरुकुलम, हरिद्वार से जूडो प्रतियोगिता के लिए परेड मैदान पहुंचा। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह जूडो कोट में पहुंचकर उन्होंने प्रतियोगिता के रजिस्ट्रेशन के लिए सभी बच्चों के दस्तावेज एकत्र किए और सभी को एक साथ बैठा दिया।वह कागजात एकत्र कर व फार्म भरकर प्रतियोगिता जज को जमा कराने के लिए गए। जब उन्होंने सभी बच्चों को बुलाया और उनकी उपस्थिति ली गई तो उनमें से एक छात्र, जिसका नाम कार्तिकेय मिश्रा है, वहां अनुपस्थित मिला।
उन्होंने बताया कि बच्चे का पूरे परिसर में खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला। बच्चा मूल रूप से ग्राम गोपाल मिश्रपुर, मजरे कावमपुरा, जिला कौशांबी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। इस बाबत डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि बच्चे की तलाश की जा रही है। परेड मैदान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
