Published:
18 May 2026, 06:00 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
उत्तरकाशी। सोमवार अलसुबह लगभग साढ़े तीन बजे जनपद के ग्राम चकोन स्थित महावीर गंगाडी के पिरूल प्लांट में भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहोल बन गया। भीषण आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहंुची दमकल विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही बमुश्किल आग पर काबू पाया।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के ग्राम चकोन में स्थित पिरूल प्लांट में लगी आग में प्लांट में स्थापित एक मशीन, बड़ी मात्रा में रखा पिरूल पाउडर तथा अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घटना में प्लांट संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर प्रशासन और फायर विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास के क्षेत्रों तक फैल सकती थी। प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या प्लांट में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रशासन इस अग्किांड की जांच कर रहा है।
